भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धमरौल के उखलसुहा गांव में आयोजित जनसभा के दौरान पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने गांव में महिला मंडल के लिए लगभग ₹4 लाख की लागत से आधुनिक कार्यालय भवन का निर्माण करवाने का ऐलान किया।
जनसभा के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि गांव में सक्रिय महिला मंडल होने के बावजूद आज तक उसके लिए कोई स्थायी भवन उपलब्ध नहीं हो सका है। बैठकों, सामाजिक गतिविधियों तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के लिए उचित स्थान का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था।
ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनने के बाद नरेश कुमार दर्जी ने मौके पर ही घोषणा करते हुए कहा कि महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए लगभग ₹4,00,000 की राशि उनकी ओर से उपलब्ध कराई जाएगी तथा निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सम्मान और सुविधाएं प्रदान करना किसी भी समाज के विकास की पहली शर्त है। महिला मंडल भवन केवल एक इमारत नहीं होगा, बल्कि गांव की महिलाओं के लिए सामाजिक गतिविधियों, बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामुदायिक विकास का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और जहां भी आवश्यकता होगी, वहां विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहयोग और जनविश्वास से ही भोरंज को एक विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर क्षेत्र बनाया जा सकता है।