हमीरपुर में पानी की गुणवत्ता की होगी रियल टाइम मॉनीटरिंग, सुनील शर्मा बिट्टू ने किया अत्याधुनिक प्रणाली का शुभारंभ
हमीरपुर में पानी की गुणवत्ता की होगी रियल टाइम मॉनीटरिंग, सुनील शर्मा बिट्टू ने किया अत्याधुनिक प्रणाली का शुभारंभ
कहा, हमीरपुर शहर में शिमला की तर्ज पर अंडरग्राउंड डक्ट बनाने पर खर्च होंगे 45 करोड़ रुपये
खोखाधारकों के हितों की रक्षा की जाएगी, रानी झांसी पार्क के पास शौचालय के निर्माण और नालियां दुरुस्त करने के दिए निर्देश
जिला मुख्यालय में पेयजल की गुणवत्ता की अब रियल टाइम यानि हर समय निगरानी की सकेगी। इसके लिए जल शक्ति विभाग ने लगभग 18 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रणाली का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सोमवार शाम को बस स्टैंड के पास इस अत्याधुनिक प्रणाली एवं प्याऊ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समस्त शहरवासियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि जल शक्ति विभाग के मानकों के अनुसार पानी की गुणवत्ता की जानकारी एलईडी स्क्रीन पर लगातार डिसप्ले होती रहेगी। इससे शहरवासियों को उच्च गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर शहर के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं मंजूर की हैं। मुख्य बाजार की विद्युत एवं पेयजल लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए मुख्यमंत्री ने यहां शिमला तर्ज पर अंडरग्राउंड डक्ट के निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिसमें से 15 करोड़ की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा चौक से मुख्य बाजार और भोटा चौक तक तथा पैट्रोल पंप से बस स्टैंड और भोटा चौक तक लगभग 5 फुट चौड़ा और 5 फुट गहरा अंडरग्राउंड डक्ट बनाया जाएगा। इससे शहर को बिजली की तारों के जाल, खंभों और जहां-तहां से गुजर रही पाइपों से निजात मिलेगी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि वर्तमान बस स्टैंड की जगह पर अत्याधुनिक सिटी सेंटर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने बस स्टैंड के पुराने खोखाधारकों का पुनर्वास सुनिश्चित किया है। भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा की जाएगी। सिटी सेंटर के निर्माण से प्रभावित होने वाले दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जा रही है। सुनील शर्मा बिट्टू ने नगर निगम के अधिकारियों को रानी झांसी पार्क के पास उपयुक्त स्थान पर शौचालय का निर्माण करने तथा नालियों की सही निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यहां के दुकानदारों एवं ग्राहकों को कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने साढे तीन वर्षों के दौरान जिला हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज, डेंटल कालेज, नर्सिंग कालेज, अलाइड हैल्थ सर्विसेज कालेज, कैंसर केयर संस्थान, इंटीग्रेटड साइंस कालेज, बस स्टैंड और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं मंजूर करके विकास की एक नई गाथा लिखी है।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दुबे ने सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जल शक्ति विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।